27-Jun-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

बारिश से शहर में जल भराव हुआ तो महापौर जिम्मेदार: विभा पटेल

भोपाल के बड़े-छोटे नालों की नहीं हुई सफाई
नालों की टूटी दीवारों की मरम्मत नहीं कराई
नाला गैंग और मशीनरी का उपयोग नहीं किया
तुरंत सफाई नहीं कराई तो लोक हित में जन आंदोलन करेंगे
भोपाल,  मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं भोपाल की पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि बारिश ने दस्तक दे दी है। इसके बाद भी भाजपा शासित नगर निगम परिषद को नागरिकों की चिंता नहीं हैं। तेज बारिश होने पर शहर के कई रहवासी इलाकों में जल भराव की स्थिति बनेगी। यह चिंता नालों की साफ-सफाई नहीं होने को लेकर है। लंबे समय से शहर के सभी बड़े-छोटे नालों की साफ-सफाई नहीं हुई है। यह नाले गंदगी, पॉलीथिन, अन्य तरह के कचरे आदि से भरे हुए हैं। मानसून से पहले इन्हें मुहिम चलाकर साफ़ किया जाना था। लेकिन यह काम भाजपा महापौर की निष्क्रियता के कारण अब तक नहीं हो पाया है। नालों की युद्ध स्तर पर सफाई नहीं होने से संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी है। साथ ही गंदा पानी सड़कों पर आने से लोगों को बरसात में परेशानी होगी। 
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि उनके महापौर कार्यकाल में हर साल बारिश से पहले नगर निगम नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाता था। मानसून के दो-ढ़ाई माह पहले नगर निगम की नाला गैंग को सक्रिय किया जाता था। जेसीबी मशीन का उपयोग करते थे। तमाम तरह की मशीनरी, उपकरणों आदि की मदद लेकर नालों की सफाई तली स्तर तक कराते थे। मुख्यालय से  लेकर जोन स्तर की टीम का उपयोग इस प्रयोजन में किया जाता था। लेकिन भाजपा शासित परिषद को शहर की चिंता नहीं है। यही कारण है कि इस बार नाला गैंग के कर्मचारियों समेत नगर निगम की विशालकाय फौज कहीं भी सक्रिय दिखाई नहीं दे रही। 
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि शहर में बीते दो सालों में नालों के निर्माण व मरम्मत को लेकर भी काम नहीं किया गया है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। वर्तमान में शहर के लगभग 50 से अधिक नालों की रिटेनिंग वाल क्षतिग्रस्त है। बरसात आने पर नगर निगम की यह लापरवाही लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।लेकिन भाजपा की महापौर को नागरिकों को होने वाली परेशानी की चिंता नहीं है। 
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि बारिश में शहर के मोहल्ले न डूबे इसके लिए नालों की सफाई का काम अब तक शुरू नहीं किया जाना भाजपा की महापौर की अकर्मण्यता और अदूरदर्शिता को दर्शाता है। भाजपा शासित परिषद की महापौर की लापरवाही और निरंतर अनदेखी के चलते शहर के कई इलाकों में सीवेज लाइन चौक है, जिससे गंदा पानी बहकर सड़क और खाली प्लाटों पर जमा रहता है। कई चैंबर की ऊंचाई सड़क के लेवल से ऊपर होने की वजह से बारिश का पानी उसके आसपास जमा रहता है। पानी की निकासी के ठीक ढंग से इंतजाम नहीं होने के कारण सड़कें भी खराब हुई है। नगर निगम की इस लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। 
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि मनीषा मार्केट, शाहपुरा, त्रिलंगा, 1100 क्वार्टर, जिंसी, पंचशील नगर, आरिफ नगर, अशोका गार्डन, चांदबढ़, भानपुर, सेमरा, बाणगंगा, पुष्पा नगर, सिंधी कालोनी और बैरसिया रोड, भोपाल टॉकीज रोड, टीला जमालपुरा, राजेंद्र नगर, महामाई का बाग  आदि के नालों में बारिश का पानी भरता है तो यह नदी का रूप धारण कर लेते हैं। इसका पानी निचली बस्तियों में भरता है, जिससे मोहल्ले और कालोनियों में बाढ़ के हालात बन जाते हैं। 
श्रीमती विभा पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि नालों की सफाई का काम अगर युद्ध स्तर पर नहीं किया गया तो बस्तियों में जलभराव की दोषी भाजपा की महापौर होगी। ऐसे समय महिला कांग्रेस चुप नहीं रहेगी। नागरिकों एवं शहर हित में जन आंदोलन करेगी।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27482411

Todays Visiter:4879