27-Jul-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मप्र से रोजाना 28 महिलाएं, 3 लड़कियां गायब होने पर यादव सरकार बेफिक्र: विभा पटेल

भोपाल, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि  भाजपा की मोहन यादव सरकार का मप्र में महिलाओं समेत लाड़ली बहनों की सुरक्षा का दावा खोखला है। इनके लिए मध्य प्रदेश अब सबसे ज्यादा असुरक्षित है। इसकी बड़ी मिसाल ये है कि प्रदेश से रोजाना 28 महिलाएं और 3 लड़कियां गायब हो रही है। इनका पता लगाने में भाजपा की मोहन यादव सरकार ने कोई दिलचस्पी नहीं ली, यानी सीधे तौर पर लापरवाही बरती।  

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि गैर भाजपा शासित राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, दिल्ली की घटनाओं को लेकर भाजपा भोपाल में तो हाय तौबा मचाती है लेकिन तीन साल में मध्य प्रदेश से 28 हजार 857 महिलाएं जबकि 2944 लड़कियां लापता होने पर मुंह नहीं खोलती है। उन्होंने कहा कि दुख तो ये है कि इतनी संख्या में लापता केस होने पर आधिकारिक तौर पर 724 मामले ही दर्ज किए गए। प्रदेश की महिलाएं और लाड़ली बहनें, मणिपुर में महिला हिंसा, शोषण और नईदिल्ली में महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले को भूली नहीं है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि अभी राज्य की यादव सरकार का ध्यान प्रदेश की जनता को भ्रमित करने, रोज नए-नए इवेंट करने और उसका झूठा प्रचार-प्रसार करने में ही रहता है। प्रदेश के आम आदमी, माताओं-बहनों और लाड़लियों से उनका कोई सरोकार नहीं है।  
श्रीमती विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की यादव सरकार महिला उत्पीड़न, महिला हिंसा रोकने में नाकाम रही हैं। पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था को गंभीरता से स्थापित करने के बदले मामलों की लीपापोती करने में लगा है। इससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था और न्याय का राज समाप्त हो रहा है। श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि दुखद तो यह है कि जवाबदेह कुर्सियां ऊंचा सुनने लगी हैं। अपराध, अनीति, अव्यवस्था, अन्याय, अराजकता, असमानता आदि के इस दौर में न्याय दरिद्र हो चुका है। देखने वालों की दूरदृष्टि नष्ट हो चुकी है।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27781556

Todays Visiter:3840