01-Jun-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

बेईमानों के कारनामों से देश को कलंकित नहीं होने देंगे - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Previous
Next

झारखंड,  मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हजारीबाग (झारखंड) लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल के समर्थन में जेल मैदान छतरो, बरही एवं कोडरमा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अन्नपूर्णा देवी के समर्थन में जयानगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को कलंकित करने का काम किया है। इन्होंने देश का बंटवारा कराया, भगवान श्रीराम को खुले आसमान में बैठाकर रखा, धारा 370 लगाई, लेकिन अब देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे सशक्त एवं सक्षम हाथों में है। अब बेईमानों के कारनामों से देश को कलंकित नहीं होने देंगे। कांग्रेस ने देश को कलंकित करने का काम किया है, प्रधानमंत्री मोदी ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था न खाउंगा न खाने दूंगा, इसलिए बेईमान जेलों में है।

प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे, लेकिन उन्हें प्रत्याशी नहीं मिल रहे

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ उन्हें चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी कहते हैं कि मुझसे मुकाबला करो मैं नहीं डरता, लेकिन मुकाबला कैसे करो, कांग्रेस की पांच पीढ़ी दिल्ली में पैदा हुई, लेकिन कांग्रेस के लोगों में इतनी हिम्मत नहीं है कि वे दिल्ली में मुकाबला करें। इस देश का दुर्भाग्य है कि देश से अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस छोड़ गए। इन्होंने हमारी शिक्षा नीति को ही बिगाड दिया था, इनके आदर्श कहां के हैं ? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने नई शिक्षा नीति लागू की और हमारे आदर्श महापुरूषों को पाठ्यक्रम में शामिल करने का काम किया।
झारखंड समृद्धशाली होने के साथ भगवान बिरसा मुंडा की धरती है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झारखंड इतना समृद्ध प्रदेश है कि इसकी खनिज संपदा का सही उपयोग हो जाए तो यह प्रदेश देश में नंबर वन का राज्य हो सकता है। ये भगवान बिरसा मुंडा की धरती है। यहां सारे बंधन तोड़कर आपके बीच आने की इच्छा होती है। झारखंड की बात 1937 से प्रारंभ हो रही थी। इसका सपना तो तब देखा गया था, लेकिन सपने को पूरा करने में भाजपा ही आगे आई और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी ने आपकी उस मांग को पूरा किया, जिसका सपना सभी ने देखा था।
देश का माहौल पूरी तरह मोदीमय है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर तरफ देश का माहौल पूरी तरह से मोदीमय है। मध्यप्रदेश की सभी सीटों पर चार चरणों में चुनाव हो चुके हैं और इस बार वहां पर सभी 29 सीटों पर भाजपा जीतेगी। आज मैं झारखंड में हजारीबाग की बरही विधानसभा में आया। यहां भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी का वातावरण है। निश्चित रूप से कह सकता हूं कि हजारीबाग सहित झारखंड, मध्यप्रदेश और देश में फिर मोदी सरकार बन रही है। जिस प्रकार का वातावरण बना है जनता बहुत समझदार है। सब देख रही है और भाजपा की नीतियों को पसंद कर रही है।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27055089

Todays Visiter:8926