24-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

द्वितीय जल-महोत्सव का आगाज़ आज से हनुवंतिया में

Previous
Next

मुख्यमंत्री चौहान करेंगे एक माह के महोत्सव का शुभारंभ
 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के द्वितीय जल-महोत्सव का गुरूवार 15 दिसम्बर को अपरान्ह 2 बजे हनुवंतिया में शुभारंभ करेंगे। चौहान हनुवंतिया टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में हाल ही में राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा सैलानियों की सुविधा के लिये विकसित विस्तार कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इस बार जल-महोत्सव 15 दिसम्बर, 2016 से प्रारंभ होकर यह आगामी 15 जनवरी, 2017 तक चलेगा।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान करेंगे। ऊर्जा मंत्री पारस चन्द्र जैन, पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेन्द्र पटवा, राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक और क्षेत्रीय विधायक श्री लोकेन्द्र सिंह तोमर के विशेष आतिथ्य में शुभारंभ समारोह संपन्न होगा।

उल्लास, उमंग और उत्साह से सराबोर द्वितीय जल-महोत्सव का मुख्य आकर्षण केरल की तर्ज पर हनुवंतिया में प्रारंभ की जा रही हाउस बोट रहेगी। मोटर बोट की रेस भी अन्य आकर्षण होगी। सैलानियों की सहूलियत के लिये वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हनुवंतिया में विभिन्न सुविधाएँ विकसित की गई हैं। यहाँ लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण और विकास के काम पूरे किये गये है। इसमें फूड जोन (किचन, रेस्टोरेंट) पर्यटकों के लिये प्रथक से टॉयलेट की सुविधा और पेयजल के लिये वॉटर कूलर भी लगाया गया है। छोटे बच्चों के लिये खेल का स्थान तथा झूले आदि लगाए गए हैं। कॉटेज के पास सुरक्षा की दृष्टि से लगभग 200 मीटर लंबी रिटैनिंग वॉल बनाई गई है। िय ेलरसापर्यटकों की सुविधा के लिये स्वाइप कार्ड से भुगतान की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही यहाँ बोर्ड रूम भी बनाया गया है।

द्वितीय जल-महोत्सव में सैलानियों के लिये लगभग 125 स्विस टेंट लगाए गए हैं। फूड जोन, क्राफ्ट बाजार एवं मध्यप्रदेश पर्यटन पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। बोट क्लब पर सुरक्षा के सभी प्रबंध किये जा रहे हैं। हनुवंतिया परिसर में एक सूचना केन्द्र भी स्थापित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि द्वितीय जल-महोत्सव में सैलानी इस बार दिसम्बर में वर्षान्त एवं शीतकालीन अवकाश के दिनों में प्राकृतिक सुन्दरता एवं विपुल जल-राशि के बीच यहाँ की सैर का लुत्फ उठा सकेंगे। जल-महोत्सव के दौरान पर्यटक अपने परिजन के साथ वर्षांत की छुटि़टयाँ मनाने के साथ ही नव-वर्ष 2017 की उमंग भरी सुबह का स्वागत भी कर सकेंगे। दरअसल हनुवंतिया रोजाना की आपाधापी और भाग-दौड़ तथा व्यस्त दिनचर्या से दूर एक तनावमुक्त और शांत नीलाभ संसार है जहाँ की उन्मुक्त स्वच्छ हवा और पानी की लहरें साहसिक और रोमांचक खेलों के लिये प्रेरित करती हैं। जल-महोत्सव में वॉटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों के साथ रोमांचक और साहसिक खेलों की गतिविधियाँ भी की जायेगी।

हनुवंतिया में कश्मीर के शिकारा और केरल की तर्ज पर इस बार हाउस-बोट का संचालन महत्वपूर्ण आकर्षण रहेगा। यहाँ क्रूज, मोटर-बोट और जलपरी का संचालन पहले से ही किया जा रहा है। रोमांचक एवं साहसिक पर्यटन पर केन्द्रित विभिन्न गतिविधियाँ की जायेगी। इनमें वॉटर स्पोर्टस, आईलेण्ड कैम्पिंग, एडवेंचर एक्टिविटीज - हॉट एयर बलूनिंग, पेरा सेलिंग, पेरा मोटर्स, स्टार गेजिंग, वॉटर स्कीइंग, जेट स्कीइंग, वॉटर जॉर्बिंग, बर्मा ब्रिज, आर्टिफिसियल क्लाइंबिंग बॉल, बर्ड वॉचिंग, ट्रेकिंग, ट्रीजर हंट, नाइट कैंपिंग आदि गतिविधियाँ शामिल हैं। इनके अतिरिक्त क्राफ्ट बाजार के जरिये हथकरघा वस्तुओं का प्रदर्शन, सांस्कृतिक गतिविधियों पर केन्द्रित कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जायेगा। यहाँ आने वाले सैलानी लजीज और सुस्वादु भोजन का भी लुत्फ उठा सकेंगे

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26595006

Todays Visiter:4645