24-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

सदस्यता के मामले में नंबर-1 होगा मध्यप्रदेश : शिवराज सिंह

Previous
Next

हमारी तन्मयता से ही पंचायत से पार्लियामेंट तक होगी भाजपा : राकेश सिंह

भोपाल। सदस्यता अभियान के दौरान पूरे देश में मेरा जाना हुआ है। हर जगह मध्यप्रदेश के संगठन की तारीफ होती है। यहां के कार्यकर्ताओं के परिश्रम को लेकर देश भर में चर्चा होती है। यह प्रदेश संगठन मनीषियों की पुण्यभूमि रहा है। सदस्यता अभियान 20 अगस्त तक चलेगा। लक्ष्य को हम पूरा कर चुके हैं, लेकिन हमें और भी परिश्रम की आवश्यकता है। इसी परिश्रम के बूते सदस्यता में मध्यप्रदेश नंबर-1 बनेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी श्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग की समीक्षा बैठक में कही।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न हुई। सदस्यता अभियान के संबंध में आयोजित इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने सदस्यता एवं सक्रिय सदस्यता अभियान के बारे में मार्गदर्शन दिया। बैठक में सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी श्री अरविन्द भदौरिया, सह प्रभारी, प्रदेश मंत्री श्री पंकज जोशी, डॉ. कैलाश जाटवा, सांसद श्री रोडमल नागर, श्री दुर्गादास उइके, श्री रमाकांत भार्गव, संभागीय संगठन मंत्री श्री आशुतोष तिवारी तथा भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलाध्यक्ष, सदस्यता अभियान प्रभारी, सह प्रभारी एवं सदस्यता अभियान में जुटे प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने किया एवं आभार होशंगाबाद जिलाध्यक्ष श्री हरिशंकर जायसवाल ने माना।

चिड़िया की आंख की तरह हमारा लक्ष्य सदस्यता हो

शिवराजसिंह चौहान ने सदस्यता अभियान को लोगों को जोड़ने का महायज्ञ बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए नहीं,  बल्कि देश सेवा के लिए राजनीति करती है। आमजन को पार्टी से जोड़ने से पवित्र काम कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 हटाने जैसा निर्णय लेकर यह दिखा दिया है कि हमारे लिए देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो काम किए हैं, उनसे हमारे लिए अनुकूल माहौल बना है। इसका लाभ लेकर हमें समाज के हर वर्ग को सदस्यता अभियान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि संसद सत्र और कई प्रांतों में विधानसभा सत्र होने के कारण सदस्यता अभियान की तारीख 20 अगस्त तक बढ़ा दी है। अब चिड़िया की आंख की तरह हमारा लक्ष्य सदस्यता ही होना चाहिए।

मोदी-शाह ने लिखा स्वर्णिम अध्याय, हम सौभाग्यशाली कार्यकर्ता

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत की एकता और अखण्डता के लिए हमारे संगठन के पूर्वजों ने कश्मीर आंदोलन, गोवा मुक्ति आंदोलन में सक्रिय भागीदारी कर बलिदान दिया। भारत के स्वरूप को कायम रखने का काम जनसंघ और संघ के कार्यकर्ताओं ने किया है। उन्होंने कहा कि 370 को लेकर डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी अपनी अंतिम सांस तक लड़े। अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह ने स्वर्णिम अध्याय लिखा है। हम सौभाग्यशाली कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने इस सपने को साकार होते देखा है। उन्होंने 370 को लेकर कांग्रेस के रवैये पर कहा कि कांग्रेस इस निर्णय को न उगल पा रही है और न निगल पा रही है।

तन्मयता से जुट जाएं संगठन कार्य में : राकेश सिंह

प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि हमारे विचार का विस्तार हो, इसके लिए ही यह सदस्यता अभियान है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास दुनिया का सबसे शक्तिशाली और सक्षम नेतृत्व है। सदस्यता अभियान के लिए हमारे पास अनुकूल माहौल है। हम इस अनुकूलता का लाभ लेकर सदस्य बनाएं, क्योंकि इन सदस्यों में से ही श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ लक्ष्य प्राप्ति नहीं है, बल्कि लक्ष्य से बढ़कर परिणाम लाना है। उन्होंने सदस्यता अभियान में विस्तारक के रूप में प्रवास पर निकलने की बात पर जोर देते हुए कहा कि आप लोग क्षेत्र में पार्टी का चेहरा हैं। आप निकलेंगे तो कार्यकर्ता उसका अनुसरण करेंगे। इसलिए पार्टी के सदस्यता अभियान में प्राणपण से जुटें। श्री राकेश सिंह ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य भारत माता को सर्वोच्च स्थान पर ले जाना है। पंचायत से पार्लियामेंट तक भारतीय जनता पार्टी तभी होगी, जब हम तन्मयता से संगठन कार्य में जुटेंगे।

जातिवाद, सम्प्रदायवाद, आतंकवाद मुक्त भारत का संकल्प लें : सुहास भगत

प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए संभाग के सभी जिलों के काम पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करना है। उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर झंडावंदन के पश्चात गंदगी भारत छोड़ो, आतंकवाद भारत छोड़ो, जातिवाद भारत छोड़ो और सम्प्रदायवाद भारत छोड़ो इस प्रकार का संकल्प सभी को लेना है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के दिन शहीदों की प्रतिमाओं और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता के कार्यक्रम हों। जिला कार्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाए। रक्षाबंधन पर महिला मोर्चा शहीद परिवारों के बीच पर्व मनाएं। 16 अगस्त को अटलजी की पुण्यतिथि पर कविता पाठ और रचनात्मक कार्यक्रम हों। उन्होंने कहा कि 370 हटाने के लिए हमारी पीढ़ियों ने संघर्ष किया, बलिदान दिया। आज मोदी सरकार ने जो निर्णय लिया है वह हमारे लिए भारत उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने कश्मीर आंदोलन से जुडे लोगों के परिवारों का सम्मान करने की बात कही। साथ ही सभी नगरीय निकायों एवं भाजपा समर्थित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित करने की बात कही।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26595970

Todays Visiter:5609