04-Aug-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

भाजपा सरकार में निवेश डेस्टीनेशन बना मध्यप्रदेश - राजेंद्र शुक्ल

भोपाल, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास के काम तेज गति के साथ पिछले दस सालों में हुए, उसी कारण लगातार तीसरी बार केंद्र में एनडीए की सरकार बनी और नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर देश के विकास को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में इस बार सभी 29 की 29 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया गया है। यह रिकॉर्ड हमेशा बने रहे, पार्टी हर चुनाव में इसका प्रयास करेगी। विधानसभा चुनाव में पार्टी को डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के चलते 163 सीटें हासिल हुई थी। विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव हमें भरोसा था कि केंद्र और राज्य की जनहितैषी योजनाओं के कारण हमें चुनाव में प्रचंड जीत मिलेगी और हुआ भी ऐसा ही। मध्यप्रदेश अब भाजपा का गढ़ बन चुका है। 
प्रदेश का बजट 5 साल बाद 7 लाख करोड़ का होगा
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि 3 जुलाई को प्रदेश सरकार ने 3 लाख 65 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 16 प्रतिशत की वृद्धि थी। आने वाले पांच सालों में बजट का आकार 7 लाख करोड़ तक पहुंच जाएगा। जब इस तरह का बजट आता है तो इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होता है। पहले विकास कार्यों के लिए धन की कमी रहती थी और यह हमारे प्रदेश में एक बड़ी चुनौती थी। हम लोग कभी भूल नहीं सकते कि यह वहीं प्रदेश है जिसके पास 2003 के पहले सड़कों में गड्ढे भरने के लिए भी बजट नहीं होता था और ओवरड्राफ्ट हो जाता था। प्रदेश में हमारी सरकार आने के बाद लगातार विकास के लिए काम किया गया,उसका यह परिणाम है कि इंफ्रास्ट्रक्चर में ऐतिहासिक काम हुआ है। अब जितने भी संभागीय मुख्यालय हैं, वहां फोरलेन सड़कें विश्व स्तरीय हो गई हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का इस वर्ष का बजट 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश में 14 मेडिकल कॉलेज हैं और तीन इसी सत्र से नीमच, मंदसौर और सिवनी में शुरू होंगे। अगले वर्ष से 6 नए मेडिकल कॉलेज और शुरू होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने पीपीपी मॉडल में निजी पूंजी निवेशकों को आमंत्रित करने का फैसला लिया है। आने वाले समय में कुछ जगहों पर इन मेडिकल कॉलेज को जिला अस्पतालों से अटैच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को बढावा देने के लिए अनेकों कार्य किए है। महाकाल लोक बनने से पर्यटन में कई गुना बढोत्तरी हुई है। राम वन गमन पथ के साथ अब श्रीकृष्ण गमन पथ बना रहे हैं।
इस अवसर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी एवं मिलन भार्गव उपस्थित रहे।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27831177

Todays Visiter:5215