Publish Date:22-Mar-2020 22:47:07
राजकाज न्यूज, भोपाल
जबलपुर के बाद भोपाल में भी एक कोेरोना पाजेटिव मरीज मिलने से मध्यप्रदेश में इसके मरीजो की संख्या बढ़ गयी हैं। जनता कर्फ्यू में जनता के अभूतपूर्व प्रदर्शन के बाद भोपाल सहित प्रदेश के उज्जैन, कटनी, छतरपुर एवं अन्य जिलों में 24 एवं 25 मार्च तक लॉकडाउन करने के आदेश जिला कलेक्टरों ने दिये हैं। भोपाल कलेक्टर ने भी इस तरह के आदेश जारी किये है। साथ ही भोपाल के सीएमओ ने लंदन से आई उस युवती के संबंध में जानकारी दी है, जिसका कोरोना पॉजिटिव निकला है।
भोपाल में कोरोना वायरस (कोविड-19) की दस्तक हो गई है। यहां प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाली 26 साल की युवती में इस बीमारी की पुष्टि हुई है। शनिवार रात उसके सैंपल जांच के लिए एम्स भोपाल भेजे गए थे। इसके साथ ही भोपाल और जबलपुर में भी एक-एक मरीज मिलने की बात सामने आ रही है। रविवार दोपहर 12 बजे आई जांच रिपोर्ट में उसमें कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद उसे एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कोरोना का मरीज मिलने के बाद कलेक्टर ने 24 मार्च की रात 12 बजे तक के लिए शहर को लॉक डॉउन कर दिया है। इस दौरान किसी को भी शहर में घुसने व घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं रहेगी।
भोपाल के कलेक्टर तरूण कुमार पिथोडे ने बताया, 'भोपाल में रविवार को एक युवती कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई। वह तीन दिन पहले लंदन से भोपाल लौटी थी। 17 मार्च को लंदन से दिल्ली पहुंची। उसके बाद 18 मार्च को वह भोपाल आई.' उन्होंने कहा कि इस लड़की के नमूने कल जांच के लिए भेजे गए थे और जांच में उसके संक्रमित होने का पता चला है।
पिथोडे ने बताया कि इस महिला के घर एवं आसपास के इलाके को भी सैनिटाइज कर दिया गया है। स्थिति को देखते हुए भोपाल जिले में तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। यह लॉकडाउन 24 मार्च की रात 12 बजे तक रहेगा। इसमें किसी भी व्यक्ति को अपने घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। जिले की सभी सीमाएं सील की गई हैं। किसी भी माध्यम सड़क एवं रेल से जिले की सीमाओं में बाहरी लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।
छतरपुर में थाइलैंड से लौटने की जानकारी छिपाने पर मुकदमा
विदेश से लौटने की जानकारी छिपाने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी विनायक शुक्ला ने बताया कि शहर के सटई रोड स्थित ग्रीन ऐवन्यू कालोनी में रहने वाला एक युवक 5 दिन पहले थाइलैंड से लौटा था। वह अपने घर में रह रहा था, जिसकी भनक पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को लगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। तहसीलदार अंजू राजपूत की सूचना पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी विनायक शुक्ला ने बताया कि थाईलैंड से लौटे युवक और उसकी चार परिजनों को आइसोलेशन के लिए भर्ती कराया गया है।
अब मध्यप्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। रात्रि में मिली जानकारी के अनुसार एक और मरीज पाया गया है। हांलाकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नही हुई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को ही पहला मामला प्रदेश में सामने आया था। अब कोरोना को और फैलने से रोकने के लिए 9 जिले लॉकडाउन करने का फैसला किया गया है। इनमें भोपाल, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, ग्वालियर, छिन्दवाड़ा, रतलाम और नरसिंहपुर हैं। इन नौ जिलों में से नरसिंहपुर में 14 दिनों तक लॉकडाउन रहेगा, जबकि भोपाल में तीन दिन यानी 72 घंटे का लॉकडाउन किया गया है और बाकी सात जिलों को दो या तीन दिनों तक बंद किया जाएगा।
इसके अलावा, अत्यावश्यक सेवा से जुड़े अमले को छोड़कर प्रदेश के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं शासकीय संस्थाओं में कार्यरत अमले को अस्थाई रूप से 31 मार्च तक अपना कार्यालयीन कार्य अपने निवास स्थान से करने के आदेश जारी किये हैं।