16-May-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मोदी जी के नेतृत्व में भारत बनेगा विश्व गुरू - शिवराज सिंह चौहान

Previous
Next
भोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विदिशा लोकसभा की सांची विधानसभा में जन-आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया। जन-आशीर्वाद यात्रा से पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने दुर्गा माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश व प्रदेशवासियों के सुख-समृध्दि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्री चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, मेरी बहनों आज मेरा मन बहुत भावुक है। मेरी बहनें तेज़ धूप में चलकर आई हैं, पसीना बहा रही है और साथ में पसीने की कमाई भी भैया को चुनाव लड़ने के लिए दे रही हैं। उन्होंने कहा कि, मेरे लिए बहनें देवी की मूर्तियां हैं और बेटियां तो साक्षात देवी हैं। ऐसी बहनों को मैं बारंबार प्रणाम करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि, मेरी अंतिम सांस तक बहनों के विकास और कल्याण के लिए काम करता रहूंगा।
कांग्रेस का नेतृत्व बचकाना, न दिशा न दृष्टि
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस की इतनी दुर्गति होगी, कभी सोचा भी नहीं था। अपनी गलत नीतियों के कारण, गलत फैसलों के कारण और ऐसा नेतृत्व जो बचकाना है, जिनमें न दिशा है न दृष्टि है, उसके कारण जनता पूरी तरह से निराश हो गई। अब इंदौर से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम जी, जिनको टिकट मिला था, वो ही भाजपा में शामिल हो गए हैं। किसी पार्टी की इतनी दुर्गति की कोई कल्पना कर सकता था, लेकिन लोग मोदी जी के नेतृत्व से प्रभावित हैं और विश्वास है कि, देश का विकास और जनता का कल्याण होगा तो केवल भारतीय जनता पार्टी ही करेगी। इसलिए लोग कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में आ रहे हैं। अब तो उम्मीदवार भी पार्टी छोड़ने लगे हैं। ये तो जनता का भाजपा के लिए प्रेम है, उन्हें कांग्रेस से कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश में हम 29 की 29 सीटें जीतेंगे और देश में हम 400 पार करेंगे।
  
विदिशा बनेगा आदर्श लोकसभा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, कांग्रेस का कभी भी विकास नहीं किया है। जनता के सुख-दुख से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। जितने भी विकास कार्य हुए हैं, वो भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही हुए हैं। चौहान ने कहा कि, विदिशा लोकसभा क्षेत्र में भी अनेकों विकास कार्य हुए हैं। अब यहां विकास को और आगे बढ़ाना है। चाहे सिंचाई के क्षेत्र में हो, चाहे बिजली हो या पानी हो। हर क्षेत्र में विकास की गंगा बहाना है। हम सब मिलकर विदिशा को आदर्श लोकसभा बनाएंगे। आप सभी जीत का रिकॉर्ड बनाओ और मैं विकास का रिकॉर्ड बनाउंगा। विदिशा से भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाकर सबसे सुंदर कमल का फूल मोदी जो भेंट करना है और उन्हें तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।  
भारत बनेगा विश्व गुरू
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस की सरकार में भारत की दुनिया में कहीं भी कोई इज्जत नहीं थी। भारत को घपटे-घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन 2014 के बाद से पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा है। दुनिया के कोने-कोने में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये सम्मान केवल मोदी जी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। पहले छोटे-छोटे देश हमें डराते थे। मोदी जी ने कह दिया कि, हम किसी को छेडेंगे नहीं, और हमें किसी ने छेड़ा तो छोड़ेंगे भी नहीं। एक ही उदाहरण देखिए कि, रूस-यूक्रेन के बीच युध्द चल रहा था, भारत के बच्चे भी वहां फंसे हुए थे। मोदी जी ने एक फोन रूस के राष्ट्रपति को और एक फोन यूक्रेन के राष्ट्रपित को कर कहा कि, जब भारत के बच्चे हाथों में तिरांगा लेकर निकले तो युध्द थम जाए। जब बच्चे भारत माता के जयकारे लगाते हुए निकले तो दोनों तरफ से युध्द थम गया और हमारे बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए। पूर्व सीएम ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा कोई ताकत नहीं रोक सकती है।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26853922

Todays Visiter:10132