Publish Date:11-Jul-2019 22:48:49
नगर निगम व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में की कार्यवाही
भोपाल, 11 जुलाई 2019, नगर निगम भोपाल द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा एवं प्रतिबंधित पाॅलीथीन के उपयोग को रोकने हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने गुरूवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए हनुमानगंज क्षेत्र के प्लास्टिक व्यवसायी दयाल प्लास्टिक पर छापामार कार्यवाही करते हुए 05 टन प्रतिबंधित पाॅलीथीन जप्त करने की कार्यवाही की। कार्यवाही के दौरान निगम के अपर आयुक्त श्री राजेश राठौर के अलावा एस.डी.एम. शहर, तहसीलदार सहित नगर निगम, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी व जिला पुलिस बल मौजूद था।
नगर निगम के अमले द्वारा प्रतिबंधित पाॅलीथीन विक्रेताओं के विरूद्ध कार्यवाही के साथ ही प्रतिबंधित पाॅलीथीन के परिवहन एवं भंडारण पर भी सतत् रूप से निगरानी की जा रही है। निगम अमले को मिली सूचना के अनुसार राजधानी के व्यस्ततम बाजार क्षेत्र हनुमानगंज में दयाल प्लास्टिक के संचालक द्वारा बड़ी मात्रा में पाॅलीथीन का भंडारण किया गया है। सूचना पर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी श्री राकेश शर्मा ने उपरोक्त पाॅलीथीन विक्रेता के गोडाउन और दुकान की मोटरसाईकिल से रेकी की और सूचना की तसदीक होते ही निगम के अपर आयुक्त को सूचना देकर स्थल पर आने का अनुरोध किया। सूचना पर अपर आयुक्त श्री राजेश राठौर तत्काल ही जिला प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापामार कार्यवाही प्रारंभ की। कार्यवाही में दयाल प्लास्टिक की दुकान एवं ऊपरी तलों पर बने गोडाउन की जांच की गई जिसमें लगभग 05 हजार किलो प्रतिबंधित पाॅलीथीन केरीबेग जप्त करने की कार्यवाही की। कार्यवाही के दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी श्री राकेश शर्मा व सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश पाल सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद थे।