25-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

किसानों को धोखा दिया, बेरोजगार युवाओं का मजाक उड़ा रही प्रदेश सरकार

Previous
Next

विजय संकल्प यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने ली सभाएं

अशोकनगर। कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए किसानों से दो लाख तक का कर्ज माफ करने का वादा किया था। प्रदेश के युवाओं से भी रोजगार और बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था। लेकिन न कर्ज माफी हुई और न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला। सरकार की कर्जमाफी की मंशा ही नहीं थी, इसलिए पहले किसानों से लाल-पीले फॉर्म भरवाए और अब आचार संहिता का बहाना लेकर कर्जमाफी टाल दी है। इसी तरह युवाओं से रोजगार के नाम पर जानवरों का हांका जैसा काम करने को कहा जा रहा है। प्रदेश के किसान और युवा आक्रोशित हैं। जिस तरह मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कर्जमाफी के नाम पर माफी मांगी है, अब प्रदेश का किसान भी उनसे माफी मांग रहा है और कह रहा है कि हमारा वोट प्रधानमंत्री मोदी जी को जाएगा, ताकि देश में फिर भाजपा की सरकार बन सके। यह बात गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने विजय संकल्प यात्रा के दौरान अशोकनगर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

हमें दबाने की कोशिश न करे सरकार

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद से भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री को चेतावनी देता हूं कि भाजपा का कार्यकर्ता कोई रसगुल्ला नहीं है, जो खा जाए। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता की तरह आंख भी उठी तो हम सड़कों पर लड़ाई लड़ेंगे। कोई हमें दबाने की कोशिश न करे,  जब हम बदलते हैं तो इतिहास बदल जाते हैं।

खुले आम लूट-खसोट में लगे सफेदपोश लुटेरे

शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में अपराध जोरों पर हैं। रोजाना 6 हत्याएं हो रही हैं, मासूम बच्चे मारे जा रहे हैं। यह कैसी सरकार है, जो कुंभकरणी नींद में सो रही है। श्री चौहान ने कहा कि तबादला उद्योग के जरिए सरकार में भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। कोई तबादला करवाने के पैसे ले रहा है, तो कोई रूकवाने का पैसा ले रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 15 वर्षों से सत्ता की भूखी थी, इसलिए सत्ता आते ही सफेदपोश लुटेरे खुलेआम लूट-खसोट में लगे हुए हैं।

कमलनाथ सरकार ने प्रदेश को तबाह कर दिया

पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने मध्यप्रदेश को तबाह कर दिया है। जनहित की योजनाओं को बंद कर दिया है। गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सहायता प्रदेश सरकार ने बंद कर दी। बिजली आना कम हो गयी,  बिल बढ़ गए। गरीबों का इलाज नहीं हो रहा है। गरीब बच्चों की फीस सरकार नहीं भर रही है। अंतिम संस्कार के 5 हजार रुपए रोककर गरीब का कफन भी छीन लिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हम जनता के हकों की लड़ाई लडेंगे, हम लड़-लड़कर आपकी सेवा करेंगे।

भ्रष्ट कांग्रेस को सत्ता में आने का हक नहीं

कांग्रेस ने जमीन से आसमान तक घोटाले करके विश्व में देश की छवि धूमिल की। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस को सत्ता में आने का हक नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, इसलिए कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। जबसे मोदी सरकार बनी है,  दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले को दुर्घटना बताने वाली कांग्रेस देश में भ्रम फैला रही है। लेकिन हमें देश के सम्मान, सुरक्षा और विकास के लिए श्री नरेन्द्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है।

सड़क पर खड़ी जनता पूछ रही, वादों का क्या हुआ : राकेश सिंह

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने एक मंच से कहा था कि ऐसी सरकार देंगे जो किसानों के लिए, युवाओं के लिए, गरीबों के लिए, माता-बहनों के सम्मान के लिए काम करने वाली होगी। ये सब तो अब सड़क पर खड़े हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता, मुख्यमंत्री जी, कहां हैं। सिंधिया जी जनता ढूंढ रही है, आप कहां हैं। जनता पूछ रही है, जो वादे किए थे उनका क्या हुआ।

अब देश में मोदी की सरकार है

राकेश सिंह ने कह कि देश में मां भारती का ज्वार उबल रहा है। आजाद भारत के इतिहास में देश को पहली बार श्री नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला है। देश की सीमाएं वही हैं, सेनाएं वही हैं, गोला-बारूद और हथियार भी वही हैं, लेकिन आज देश के सैनिकों का मनोबल आसमान छू रहा है। क्योंकि गोलियां चलने पर सफेद झंडे दिखाने वाला ये देश अब उन तीन देशों में शामिल हो गया है, जो अपने सैनिकों पर हमले का बदला दुश्मन के घर में घुस कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि पहले पाक की तरफ से गोली चलती थी, तो हमारे सैनिक सफेद झंडा दिखाते थे, गोली चलाने के लिए केंद्र से परमिशन नहीं मिलती थी। अब एक गोली के बदले गोलियों की बौछार होती है, क्योंकि देश में मोदी जी की सरकार है।

धिक्कार है उन पर जो सैनिकों का सम्मान करना नहीं जानते

सिंह ने कहा कि अब देश बदल रहा है। पूरे देश में सैनिकों के लिए सम्मान उमड़ रहा है। ग्वालियर-चंबल की भूमि तो वैसे भी सैनिकों के लिए उर्वरा भूमि है, देश की जनता के मन में भी सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव है। उन्होंने कहा कि पुलवामा की घटना के बाद पूरा देश रो रहा था। हमारी वायुसेना ने एयर स्ट्राइक के जरिए आतंकियों पर प्रहार किए। पूरी दुनिया भारत को इस कार्रवाई के लिए शाबासी दे रही है, लेकिन कांग्रेस के नेता सबूत मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश राहुल गांधी से कहना चाहता है कि सैनिकों का सम्मान नहीं कर सकते, तो अपमान मत करिए। श्री सिंह ने कहा कि धिक्कार है ऐसी पार्टी और उसके नेताओं पर जो सैनिकों का सम्मान करना नहीं जानते।

कांग्रेस सरकार ने मध्यप्रदेश को बनाया लूट और अपहरण का चारागाह : गोपाल भार्गव

गुना में नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विरोध मे गठबंधन करने वाले नेवले और सांपों की दोस्ती संभव नही है। इस चुनाव में सेना के शौर्य पर संदेह करने वालों का खात्मा होगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेसी कहते हैं कि प्रमाण लाओं और सबूत लाओ। कांग्रेस के नेता कहते हैं ये दुर्घटना है। हम देश की बहादुर सेनाओं का अपमान नही होने देंगे। हमें श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनाकर देश विरोधी ताकतों का खात्मा करना है।

उन्होनें कहा कि देश में भ्रम फैलाने का काम कांग्रेस कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने विपक्ष के पास कोई नेता नहीं है। विपक्षीयों का महागठबंधन नहीं महाठगबंधन है। जितने ठग हैं वह सब इकटठे हो गए हैं। आज देश में गरीब जनता की भलाई के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 70 योजनाएं चलाईं हैं। इन योजनाओं का लाभ सारे देश की जनता को मिल रहा है, लेकिन अगर कोई वंचित है तो प्रदेश की जनता। कांग्रेस सरकार केन्द्र की योजनाओं का लाभ रोक रही है। क्योंकि उसे डर है कि जनता को अगर इन योजनाओं का लाभ मिल गया तो इसका श्रेय श्री नरेन्द्र मोदी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पिछले ढाई माह में लूट, अपहरण और डकैत का चारागाह बन गया है। कमलनाथ सरकार की इन ढाई महीनों में यह सबसे बडी उपलब्धि है कि अपराध का आंकड़ा आसमान छू गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनाए और बोनस में प्रदेश की कांग्रेस सरकार उखाड़ फेंके।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26605008

Todays Visiter:6690