27-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

सरकारी धोखेबाजी के खिलाफ लड़ेंगे किसानों की लड़ाईः शिवराजसिंह चौहान

Previous
Next

भोपाल। कांग्रेस की सरकार प्रदेश के किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रही है। प्रदेश में पाला वाले क्षेत्र से प्रभावित किसानों के लिए सरकार ने अभी तक कोई राहत घोषित नहीं की है। हम चुप नहीं बैठेंगे। किसानों को परेशान नहीं होने देंगे। भारतीय जनता पार्टी किसानों और प्रदेश की जनता के हितों के लिए सदैव उनके साथ खड़े होकर लड़ाई लड़ेगी। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक श्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय वृहद बैठक को संबोधित करते हुए कही।

किसानों को धोखा दे रही सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हित में 1 लाख,  20 हजार करोड़ की सिंचाई योजनाओं की घोषणा की थी। कांग्रेस की सरकार भावांतर भुगतान राशि किसानों के खातों में जमा नहीं करके प्रदेश के किसानों को धोखा दे रही है। वर्तमान सरकार यदि किसानों के हित में शुरू की गई हमारी योजनाओं से पीछे हटती है, तो भाजपा पूरी ताकत के साथ किसानों के हित में इसका विरोध करेगी।

भाजपा सरकार ने सबसे ज्यादा कामः कैलाश विजयवर्गीय

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा की सरकार ने केंद्र और राज्य में किसानों के लिए जितने काम किए हैं, आजादी के बात से किसी सरकार ने इतने काम नहीं किए। भाजपा सरकारों ने सर्वाधिक चिंता किसानों की है, यही कारण है कि देशभर में आज किसान चर्चाओं के केंद्र में है। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के चिंतन को आम जनता तक पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा देशहित की राजनीति करती है, न कि कुर्सी की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता पूरे प्राण-प्रण से जुट जाएं ताकि मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी के नेतृत्व में एक बार फिर केन्द्र में भाजपा की सरकार बने।

अगला चुनाव राष्ट्रवादी-अराष्ट्रवादी ताकतों के बीचः सुहास भगत

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने कहा कि आगामी लोकसभा का चुनाव सत्य और असत्य के बीच है। धर्म और अधर्म के बीच है। राष्ट्रवादी और अराष्ट्रवादी ताकतों के बीच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी के विरुद्ध खड़ा समूचा विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों की बजाय, देश समाज को खंडित-विखंडित करने वाले मुद्दों को हवा दे रही है जो देशहित में नहीं है।

झूठ फैलाकर सत्ता में आई कांग्रेसः विष्णुदत्त शर्मा

बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रम व झूठ फैलाकर सत्ता हथियाई है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी ने देश के किसान और गरीब वर्ग के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की हैं और गरीबों व किसानों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने का प्रयास किया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा मिल रही है।

सरकार की कथनी और करनी का फर्क बताएंगेः रणवीरसिंह रावत

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत ने बैठक में कहा कि 25 जनवरी से 10 फरवरी तक किसान मोर्चा प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में किसान ग्राम सभाएं आयोजित करेगा। किसान ग्राम सभा में वर्तमान सरकार के वचन पत्र में की गई घोषणाओं, सरकार की कथनी और करनी के बारे में किसानों को जागरूक किया जाएगा। इन्हीं बिन्दुओं को लेकर किसान मोर्चा 16 जनवरी को सभी जिलों में राज्यपाल के नाम से एक साथ ज्ञापन सौंपेगा।

बैठक में प्रदेश मंत्री और किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी रघुनाथ सिंह भाटी, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री राकेश सिंह सेंगर, ओम प्रकाश यादव, प्रदेश के सह प्रभारी श्री राम सिंह, श्री अनिल जैन सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विनोद सिंह जादौन ने किया। आभार प्रदेश उपाध्यक्ष इन्द्रशरण सिंह चौहान ने जताया।

 

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26617457

Todays Visiter:3745