25-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

भाजपा ने शोषित किया, हम प्रदेश को पोषित करेंगे: मुख्यमंत्री कमलनाथ

Previous
Next

- हमारी कथनी करनी एक जैसी, लेकिन भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर
- मुख्यमंत्री ने झाबुआ, अलीराजपुर में कीं जनसभाएं


झाबुआ, अलीराजपुर। प्रदेश में 15 साल तक भाजपा की सरकार रही। इन्होंने प्रदेश की जनता का और किसानों का शोषण किया है। यदि इन्हें किसानों की चिंता रहती, तो प्रदेश में इतने किसान फांसी के फंदे पर नहीं झूलते। भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। ये जो कहते हैं वे कभी नहीं करते हैं, लेकिन हम हमारे वायदों के लिए वचनबद्ध हैं। 75 दिनों की सरकार में हमने अपने 83 वचनों को पूरा किया है। चुनाव की आचार संहिता के बाद हम हमारे सभी वचनों को भी पूरा करेंगे। प्रदेश के किसानों का दो-दो लाख रूपए तक का ऋण माफ किया जाएगा।
ये बातें मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कही। वे बुधवार को अलीराजपुर जिले के अंबुआ और झाबुआ के पेटलावद में पार्टी प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमारी सरकार को बदनाम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सभाओं में कहते फिर रहे हैं कि कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया है, लेकिन हमें उनके किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। हमें प्रदेश की जनता और प्रदेश के किसानों से सर्टिफिकेट चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वचन हर हाल में पूरा करेगी। प्रदेश की जनता ने अपना फर्ज निभाकर कांग्रेस और मुझे जनता की सेवा करने का मौका दिया है तो हम भी अपने वायदों पर खरे उतरेंगे और प्रदेश की जनता को दिए गए वचनों को पूरा करेंगे।
भाजपा देश कोे जातियों में बांट रही है-
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हमारा देश-हमारा प्रदेश संस्कृतियों से भरा पड़ा है, लेकिन सत्ता के लालची देश को जातियों में बांटकर बंटवारा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश का विभाजन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है, लेकिन अब प्रदेश की जनता, प्रदेश का युवा समझदार है और वह किसी के बहकावेे में आने वाला नहीं है। उसे पता है कि देश और प्रदेश को कौन बेहतर तरीके से चला सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोेदी पिछले पांच वर्षों से देशवासियों को पागल बना रहे हैं, उन्हें अच्छे दिनों का लालच दे रहे हैं, 15 लाख रूपए एकाउंट में डालने का प्रलोभन देते रहे, लेकिन किस के खाते में डाल पाए वे 15 लाख रूपए। सिर्फ सपने दिखाते रहे, लेकिन अब देश के गरीबों को हर साल 72 हजार रूपए देने की वादा कांग्रेस ने किया है। यह भाजपा के झूठे वादों की तरह नहीं होगा।
आपने सच्चाई और सिद्धांतों का साथ दिया-
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता ने सच्चाई पहचानी और सच्चाई का साथ दिया। इसलिए अब परिवर्तन है और यह सच्चाई अभी और पहचाननी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की संस्कृति, कांग्रेस के सिद्धांत, कांग्रेस की सभ्यता का साथ दिया। लोकसभा में भी हमें सबका साथ चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने वचन दिया था कि कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाएंगे और यह करके भी दिखाया है। प्रदेश में पिछले 15 वर्षों से भाजपा की सरकार थी, लेकिन इन 15 वर्षों में हजारों किसानों ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्याएं कर लीं, वे फांसी के फंदे पर झूल गए, लेकिन भाजपा की सरकार ने किसानों का कर्जामाफ नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह सोच सिर्फ राहुल गांधी के पास थी और उन्होंने प्रदेश के किसानों से वादा किया था, जिसे सरकार बनने के बाद हमने निभाया भी है। अब तक 21 लाख किसानों की कर्जमाफी कर चुके हैं और शेष किसानों का भी दो-दो लाख रूपए का कर्जामाफ करेंगे।
भयभीत है भाजपा और उसके घटक दल-
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि जो देश आजादी के बाद से लगातार तरक्की कर रहा है, कभी इतनी महंगाई नहीं बढ़ने दी लेकिन पिछले पांच साल में देश की जनता महंगाई की मार से जूझ रही है। अब भाजपा और उसके घटक दल भयभीत है कि उनकेे हाथ से सत्ता जाने वाली है तो वे हमारे ऊपर उल्टे-सीधे आरोप-प्रत्यारोप मढ़ रहे हैं, लेकिन हम किसी से डरने वाले नहीं है। अब देश को राहुल गांधी जैसे प्रधानमंत्री की जरूरत है, जो इस बार बनेंगे भी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।
आदिवासी संस्कृति से किया स्वागत-
मुख्यमंत्री कमलनाथ का पेटलावट पहुंचने पर आदिवासी संस्कृति से स्वागत, सत्कार किया गया। मंच पर उपस्थित नेताओं ने उन्हें आदिवासी जैकेट और साफा पहनाया। इसके बाद तीर-कमान से उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी प्रत्याशी एवं सांसद कांतिलाल भूरिया, विधायक, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।


मोदी ने 97 अरब 93 करोड़ सिर्फ प्रचार पर खर्च किये : भूपेन्द्र गुप्ता

प्रदेश कांगे्रस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच साल का हिसाब भले ही न दें, लेकिन जनता को हिसाब मिल गया है। पद पर रहते उन्होंने सिर्फ प्रचार पर 97 अरब 93 करोड़ 20 लाख रूपये खर्च कर दिये। इतने पैसों में तो लाखों बेरोजगारों का काम धंधा शुरू हो जाता और लाखों गरीबों और बीमारों की मदद हो जाती।
भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मोदी जनता के सवालों का जवाब कभी नही देते। मोदी 18 महीने 25 दिन विदेश यात्रा पर रहे। तीन महीने 11 दिन पाॅलिटिकल यात्राओं में भाषण देते रहे। उन्होंने कहा कि 15 जून 2014 से 3 दिसम्बर 2018 तक मोदी ने 92 देशों की यात्रा की। एक देश की यात्रा पर औसतन 22 करोड़ रूपये खर्च हुआ। इस प्रकार 92 देशों की यात्रा पर कुल खर्च 20 अरब 12 करोड़ रूपये हुए। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं से बेरोजगारों का क्या फायदा हुआ?
गुप्ता ने कहा कि हर सवाल पर मोदी जी ने चुप्पी साध ली। पिछले पांच सालों में लोकतंत्र का सर्वनाश करने में कोई कसर नही छोड़ी। सिर्फ एक ही मंत्र के सहारे लोकतंत्र चलाया कि झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, और सवालों पर चुप रहो।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26601085

Todays Visiter:2767