11-Jun-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

आम आदमी पार्टी, अब अहंकारी आदमी पार्टी बन गई है, केजरीवाल, नौटंकीवाल बन गए हैं - शिवराज सिंह

Previous
Next

भोपाल,  पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों पर चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उत्तर-पूर्व दिल्ली लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली से उम्मीदवार योगेन्द्र चंदोलिया और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा से प्रत्याशी कमलजीत शेरावत के समर्थन में पूर्व सीएम ने विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान चौहान ने कहा कि, आम आदमी पार्टी केवल माँ-बहन बेटियों को अपमानित करने का काम करती है। केजरीवाल ने दिल्ली वालों को अच्छी सड़कें नहीं दी, पीने का पानी नहीं दिया, यमुना जी का शुध्दिकरण नहीं किया, केवल शराब की नदियां बहाई, शराब घोटाला किया, एक पर एक बोतल फ्री दी, दिल्ली को डुबाने का महापाप अरविंद केजरीवाल ने किया है।  

आप, अहंकारी आदमी पार्टी बन गई है
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आम आदमी पार्टी, अहंकारी आदमी पार्टी बन गई है। केजरीवाल अहंकार से भरे व्यक्ति हैं। केजरीवाल को ये जवाब तो देना चाहिए कि, अगर कोई महिला जो उन्हीं की पार्टी की राज्यसभा सदस्य हैं, आप अहंकार में उनसे ही बात करने से इनकार कर देते हैं। आपके लोग एक बेटी के साथ, एक बहन के साथ दुर्व्यवहार करते हैं ये आश्चर्यचकित कर देने वाली घटना है। दुर्व्यवहार भी केवल शब्दों में नहीं बल्कि पिटाई जैसी चीजें भी होती है। आप अपनी राज्यसभा सदस्य को न्याय देने के बजाय, दुर्व्यवहार करने वाले को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। महिला का अपमान भारतीय संस्कृति और संस्कारों में नहीं है। केजरीवाल जी याद रखना यह वो भारत है यहां एक द्रोपदी का अपमान हुआ था तो महाभारत हो गई थी और दुर्व्यवहार करने वालों का वंश सहित विनाश हो गया था। ना आप बचेंगे और ना ही आपकी पार्टी बचेगी। केजरीवाल ईमानदारी का चोला पहन के राजनीति में आए, और सबसे बड़े बेईमान हो गए। आप में धूर्तता की पराकाष्ठा है। इसलिए आपका भला नहीं होने वाला, यह अहंकार और बेईमानी आपको ले डूबेगी।
केजरीवाल नहीं नौटंकीवाल हैं
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि, केजरीवाल अब नौटंकीवाल बन गए हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि, आम आदमी पार्टी की नौटंकी देखिए कि, झगड़ा उनके घर, परिवार का और प्रदर्शन करने हमारे यहां आ रहे हैं। चौहान ने आगे कहा कि हमने दुर्गा सप्तशती में पढ़ा है कि, रक्त बीज था, युद्ध में जहां-जहां उसका खून गिरता था उस खून की एक बूंद से और एक रक्त बीज राक्षस पैदा हो जाया करता था। वह रक्त बीज थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल तो भ्रष्ट बीज हैं, जहां-जहां उनकी पार्टी जीतती है वहां-वहां भ्रष्टाचार का तंत्र ही खड़ा हो जाता है। इन्होंने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए। ईमानदारी की सौगंध खाने वाला सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी निकला। ये इंडी गठबंधन कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकता है। पूर्व सीएम ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि, भारत तेरे टुकड़े-टुकड़े होंगे इंशा-अल्लाह, इंशा-अल्लाह के नारे लगाने वाले और आतंकवादियों का महिमामंडन करने वालों को जनता कभी भी स्वीकार नहीं करेगी।
अधेड़ उम्र के राहुल को सौंप रही सोनिया गांधी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, सोनिया गांधी अधेड़ उम्र के राहुल गांधी को रायबरेली की जनता को सौंप रही हैं। कांग्रेस आज वोट देने के लायक नहीं बची है, लेकिन मैडम सोनिया गांधी जी रायबरेली की जनता से कहती है कि, मैं अपना बेटा सौंप रही हूं। राहुल गांधी जी की उम्र 54 साल हैं लेकिन मैडम सोनिया ऐसे कह रही हैं जैसे 3-4 साल का दूधमुंहा बच्चा हो। इसका मतलब है कि, सोनिया जी को ही राहुल पर भरोसा नहीं है कि, वो रायबरेली सीट से जीत हासिल करेंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि, ये खुद अपनेआप से संभल नहीं सकते, इसलिए जनता इन्हें संभालें। श्री चौहान ने कहा किस जो खुद नहीं संभल सकते वो देश क्या संभालेंगे। ये कांग्रेस कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकती है।    
धन्नू, पन्ना, कल्लू, इंडी गठबंधन का प्रधानमंत्री कौन
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री तो तय है कि,  नरेन्द् मोदी हैं और रहेंगे लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले बताएं कि, उनका प्रधानमंत्री कौन है। धन्नू है, पन्ना है, कल्लू है या जुम्मन है कोई एक नाम तो बताएं। कभी कहते हैं कि, बारी-बारी से एक-एक साल बन जाएंगे। कभी कहते हैं कि, बाद में तय करेंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि, हम बाजार में मटका भी खरीदने जाते हैं तो देखकर लेते हैं कि, कहीं से फूटा तो नहीं है। सब्जियां लेने जाते हैं तो देखते हैं कि, खराब तो नहीं है। जब हम मटका और सब्जियां भी देखकर लेते हैं तो प्रधानमंत्री भी देख भाल कर ही चुनेंगे। मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और भारतीय जनता पार्टी देश की नंबर वन पार्टी है। इसलिए हमें भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाना है और मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।  
कांग्रेस पार्टी श्रीराम विरोधी है
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ, रामलला विराजमान हुए। बहनें घरों में दीपक जला रही थी, नौजवान साथी भगवा पताकाएं लहरा रहे थे, पूरा देश आनंद उत्सव में डूबा हुआ था, लेकिन एक पार्टी कांग्रेस रो रही थी। यहां तक की आयोध्या का अंसारी परिवार जिसने पूरी जिंदगी कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा में भाग लिया। निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था लेकिन उन्होंने लिखित में कहा कि, मुहूर्त खराब है हम नहीं जाएंगे। अब जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी तब तक लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने भगवान राम का विरोध किया था। कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। ये कांग्रेस कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकती है।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:27228549

Todays Visiter:4740