20-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

बदहाली के कारण शहडोल के सरकारी अस्पताल में 6 बच्चो की मौत- BJP

सरकारी अस्पतालों में बच्चों की मौत दुखदः राकेश सिंह

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में 6 नवजात शिशुओं की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की राजधानी के हमीदिया और जेपी अस्पताल में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2019 के बीच में 952 नवजात की मौतें हुईं हैं, जिसमें दिसंबर माह में ही 79 मौतें मुख्यमंत्री कमलनाथ, स्वास्थ्य मंत्री, अफसरों एवं डॉक्टरों की असंवेदनशीलता और अकर्मण्यता का परिणाम है। 
राकेश सिंह ने कहा की मुख्यमंत्री कमलनाथ क्या प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ भी युद्ध छेड़ेंगे, जो अब जानलेवा बनती जा रही है? क्या वे ऐसा ही युद्ध अपने असंवेदनशील डॉक्टरों, अफसरों और मंत्रियों के खिलाफ भी छेड़ेंगे? उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को एक साल से ज्यादा सत्ता में आए हुए हो गए, परंतु प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदतर हो गई हैं। ना तो प्रदेश के गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ और ना ही सरकारी अस्पतालों में उनके उपचार की पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं। कहीं दवाएं नहीं हैं, कहीं डॉक्टर नहीं है, तो कहीं डाॅक्टरों एवं स्टाफ की लापरवाही जानलेवा हो रही है। नवजात बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी सरकार गंभीर नहीं दिखाई दे रही है, यह प्रदेश के लिए दुर्भाग्य की बात है।  
राकेश सिंह ने कहा कि पिछले एक साल में कांग्रेस सरकार ने तबादला उद्योग, रेत माफिया और शराब माफिया को संरक्षण दिया है। सरकार प्रदेश के विकास को लेकर गंभीर नहीं है इसलिए जनता का ध्यान बंटाने के लिए नए-नए तमाशों के अलावा कुछ नहीं किया। प्रदेश की जनता की परेशानियों को हल करने को लेकर न तो मुख्यमंत्री और न ही सरकार ध्यान दे पा रही है। 

भाजपा की आवश्यक बैठक 17 को

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने 17 जनवरी को दोपहर 3 बजे प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में एक आवश्यक बैठक आहूत की है। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, समस्त सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं संभागीय संगठन मंत्री उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री सत्येन्द्र भूषण सिंह ने दी।
(लोकेन्द्र पाराशर)
प्रदेश मीडिया प्रभारी
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26571335

Todays Visiter:6428